दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
बभनी थाना क्षेत्र अंतर्गत रेंज कार्यालय के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डगडउआ टोला के निवासी रामराज सड़क पार कर रहे थे तभी तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक के पिछले चक्के के नीचे आने से उनकी सिर पर गंभीर चोटें आईं और उपचार से पहले ही उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। बभनी थाने की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारम्भिक जांच के दौरान ड्राइवर घटनास्थल छोड़कर फरार हो गया था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई में ट्रक तथा चालक को पकड़ा गया।
उपनिरीक्षक माखन लाल ने बताया कि वाहन और चालक हिरासत में हैं और मामले की आगे की कार्रवाई जारी है। हादसे की खबर से परिवार और स्थानीय लोगों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है ।