सोनभद्र।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में जनपदभर में आपदा से बचाव हेतु विशेष जन-जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। अधिकारियों ने ग्राम पंचायतों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर “क्या करें और क्या न करें” विषय पर वॉल राइटिंग कराकर ग्रामीणों व नागरिकों को सीधे जानकारी देने का कार्य तेज किया है।
अभियान के तहत खुले कुओं, गड्डों और अन्य खतरनाक स्थलों को जाली व सुरक्षा कवच से ढककर जोखिम घटाने के निर्देश जारी किये गए हैं। इसके साथ ही नदी-तालाब, पोखरों और अन्य जलाशयों के आसपास चेतावनी बोर्ड स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि स्थानीय लोग और विशेषकर बच्चे जोखिम भरे स्थानों से दूर रहें।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि आने वाले दिनों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने, बाढ़, जलभराव और डूबने की घटनाओं की संभावना रहती है, इसलिए नागरिक सतर्क रहें। उन्होंने लोगों से पानी के स्त्रोतों में अनावश्यक प्रवेश न करने, छिछले या असुरक्षित किनारों पर न जाने और बच्चों पर विशेष निगरानी रखने की अपील की।
उन्होंने आगे बताया कि आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम संपर्क करने के लिए आवश्यक नम्बर व मार्गदर्शन स्थानीय पंचायतों और पुलिस चौकियों पर उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग करने और किसी भी असामान्य स्थिति की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों को देने का अनुरोध भी किया है।