राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहर के प्रियदर्शिनी बस स्टैंड पर ऑटो चालकों को धूप और बारिश से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी द्वारा 15×30 फीट का टीन शेड बनवाया गया था। ऑटो चालकों के लिए बनाई गई यह सुविधा अब अपने मूल उद्देश्य से भटकती नजर आ रही है।
ऑटो चालकों का आरोप है कि उनके लिए बनाए गए शेड पर निजी वाहन चालकों ने कब्जा जमा लिया है। स्थिति यह है कि कई बार अन्य वाहन चालक अपनी गाड़ियां शेड के नीचे खड़ी कर घंटों के लिए गायब हो जाते हैं, जबकि ऑटो चालकों को मजबूरन धूप और बारिश के बीच बाहर खड़ा रहना पड़ता है।
ऑटो चालकों का कहना है कि जब वे निजी वाहन चालकों को शेड खाली करने के लिए कहते हैं तो उनकी बात को अनसुना कर दिया जाता है। इससे उन्हें सवारी मिलने में भी परेशानी होती है और दिनभर इधर-उधर भटकना पड़ता है।
वहीं स्थानीय दुकानदारों ने भी इस अव्यवस्था पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि शेड के आसपास बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के कारण आए दिन विवाद की स्थिति बनती रहती है। यदि किसी वाहन को जानवर नुकसान पहुंचा दें या कोई अन्य घटना हो जाए तो वाहन मालिक दुकानदारों से जवाब-तलब करने पहुंच जाते हैं।
ऑटो चालकों ने नगर निगम एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि उनके लिए निर्मित शेड को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त कराया जाए तथा नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें इस सुविधा का वास्तविक लाभ मिल सके।