झाँसी
मोंठ झांसी। अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए खिरिया घाट स्थित बेतवा नदी में छापेमारी की। मोंठ एसडीएम अवनीश तिवारी ने राजस्व एवं पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बालू खनन में प्रयुक्त आधा दर्जन से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बरामद कर लीं।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन को बेतवा नदी के खिरिया घाट पर अवैध बालू खनन की सूचना मिली थी। इसके बाद एसडीएम अवनीश तिवारी स्वयं पुलिस और राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को नदी के भीतर करीब दो किलोमीटर तक पानी और पत्थरों के बीच पैदल चलकर पहुंचना पड़ा। टीम को देखकर खनन में लगे लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियां छोड़कर मौके से फरार हो गए।
बताया गया कि कार्रवाई को बाधित करने के उद्देश्य से खनन कारोबारियों ने रास्ते में ट्रॉलियां खड़ी कर मार्ग अवरुद्ध करने का प्रयास भी किया, लेकिन प्रशासनिक टीम ने सभी बाधाओं को पार करते हुए अवैध खनन में प्रयुक्त वाहनों को कब्जे में ले लिया।
एसडीएम अवनीश तिवारी ने बताया कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पकड़े गए वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।
झाँसी से मिलन परिहार की रिपोर्ट