बुलंदशहर
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून द्वारा संचालित ‘जलज’ परियोजना के तहत गंगा तट पर वृहद वृक्षारोपण, जन-जागरूकता एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक चंद्र पाल सिंह लोधी ने रामघाट स्थित जैव विविधता पार्क में वृक्षारोपण करके किया। इस अवसर पर विधायक लोधी ने कहा कि गंगा को निर्मल बनाने में जनभागीदारी सबसे आवश्यक है और ‘जलज’ परियोजना इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है।
इसके साथ ही, कर्णवास, नरौरा, तलवार एवं राजघाट स्थित गंगा घाटों पर भी वृक्षारोपण, स्वच्छता श्रमदान एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
‘जलज’ परियोजना की डीन एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. रुचि बडोला ने बताया कि परियोजना का मुख्य उद्देश्य गंगा पर निर्भर समुदायों को जैव विविधता संरक्षण से जोड़कर आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है।
प्रोजेक्ट साइंटिस्ट श्री सौरभ गवान ने जानकारी दी कि अब तक इस परियोजना के माध्यम से 8000 से अधिक महिलाओं को हस्तशिल्प, इको-टूरिज्म एवं जैविक खेती का प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया गया है। साथ ही, 10 लाख से अधिक लोगों को गंगा संरक्षण एवं जलीय जीवों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा चुका है।
कार्यक्रम में स्थानीय वन विभाग रेंजर मोहित चौधरी, गंगा प्रहरी निखिल, गंगा प्रहरी लोकेश केवट, गंगा प्रहरी कृष्ण कुमार, गंगा प्रहरी राधा शर्मा, कृष्णा राजपूत, लोकेश गौतम और गंगा मित्र, माय भारत के स्वयंसेवक, स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। सभी ने गंगा स्वच्छता की शपथ ली एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने का संकल्प लिया।
संवाददाता अतुल कुमार