राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी
नगर पालिक निगम कटनी के निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने शनिवार को वीर सावरकर वार्ड स्थित बाहुबली कॉलोनी का दौरा कर क्षेत्रीय नागरिकों की समस्याओं का जायजा लिया। सफाई, नाली और जल निकासी से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निगम अध्यक्ष ने स्थानीय रहवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। नागरिकों ने क्षेत्र में नियमित सफाई, नालियों की सफाई, सड़क संबंधी समस्याओं तथा आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं।
शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मनीष पाठक ने क्षेत्रीय स्वच्छता निरीक्षक तीरथ प्रसाद से दूरभाष पर चर्चा कर उन्हें तत्काल मौके पर बुलाया और आवश्यक सफाई कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में नियमित स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
भ्रमण के दौरान निगम अध्यक्ष ने वार्ड के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु में जलभराव की स्थिति न बने, इसके लिए नालियों की नियमित सफाई कराई जाए। साथ ही मच्छरों और अन्य बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यकतानुसार कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी कराया जाए।
इस अवसर पर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान निगम की प्राथमिकता है। स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निगम प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सहयोग से वार्ड की सभी आवश्यक समस्याओं का चरणबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद राजेश भास्कर, नीलेश जैन, अर्पित जैन, लल्लू जैन, अंशु जैन, अनूप जैन, जयंत जैन, श्रीमती विनीता जैन, श्रीमती किरण जैन सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।