फतेहगंज पश्चिमी।
भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय कार्यालय पर रविवार को आयोजित मासिक बैठक में संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
बैठक के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि सांसद छत्रपाल गंगवार और विधायक डीसी वर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे गांव-गांव जाकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी दें और उन्हें सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें।
नेताओं ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं बल्कि समाज और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से क्षेत्र के गणमान्य लोगों से संपर्क बढ़ाने, सामाजिक सहभागिता मजबूत करने और सरकार की विकासपरक नीतियों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा भी की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा कार्यकर्ताओं के सहयोग से इन उपलब्धियों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा उपाध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी राहुल साहू, मंडल अध्यक्ष कैलाश शर्मा, शक्ति संयोजक उमेश साहू, पंकज चौधरी, धर्मपाल सिंह, संतोष सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी अभियानों को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली