बरेली तहसील रिपोर्ट : शुभम चौबे
बरेली। बारादरी थाना पुलिस ने हवाला कारोबार से जुड़े एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 35 लाख रुपये नकद, दो कथित फर्जी आधार कार्ड और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में एक ऐसी कंपनी का पता चला, जो केवल दस्तावेजों में संचालित दिखाई जा रही थी। जांच में सामने आया कि कंपनी के नाम पर खोले गए बैंक खातों का उपयोग संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और हवाला कारोबार के लिए किया जा रहा था। प्रारंभिक पड़ताल में करोड़ों रुपये के लेनदेन होने की आशंका जताई गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जमीर अहमद और जगदीश चौटिया को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्हें कमीशन के बदले खातों में आने वाली रकम को अलग-अलग लोगों तक पहुंचाने का काम सौंपा जाता था। इसके लिए कथित तौर पर टोकन प्रणाली का इस्तेमाल किया जाता था, जिससे लेनदेन को गोपनीय रखा जा सके।
पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क के तार दिल्ली समेत अन्य राज्यों तक जुड़े हो सकते हैं। मामले में मोईन अली, लालचंद और एम्माराम नाम के आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, बरामद मोबाइल फोन और बैंक खातों से जुड़े रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और वित्तीय दस्तावेजों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
बरामद सामान :
35 लाख रुपये नकद
दो कथित फर्जी आधार कार्ड
चार मोबाइल फोन
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हवाला नेटवर्क की पूरी श्रृंखला का पता लगाने के लिए जांच का दायरा बढ़ाया गया है। मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।