उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में सोशल मीडिया के जरिए रची गई एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाली कानूनी साजिश का भंडाफोड़ हुआ है। बांदा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक महिला को मोहरा बनाकर दुश्मनों को फंसाने की साजिश को नाकाम कर दिया है।
क्षेत्राधिकारी (CO) नरेनी, प्रदीप कुमार ने बताया कि 6 जून 2026 को झांसी की एक महिला ने एसपी ऑफिस में स्थानीय लोगों के खिलाफ जबरन दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जब पुलिस ने जांच शुरू की, तो परतें खुलती चली गईं। जांच में पता चला कि महिला सोशल मीडिया के माध्यम से बांदा के एक युवक के संपर्क में आई थी। उस युवक ने महिला को शादी का झांसा, ब्लैकमेलिंग और पैसों का लालच देकर बांदा बुलाया था।
पूछताछ में महिला ने कबूला कि वह युवक के धोखे का शिकार हुई थी। दरअसल, आरोपी युवक की कुछ स्थानीय लोगों से पुरानी रंजिश थी। उनसे बदला लेने के लिए उसने महिला का इस्तेमाल किया और विरोधियों के खिलाफ जबरन दुष्कर्म का यह फर्जी प्रार्थना पत्र तैयार करवाया।
पुलिस ने इस पूरे षड्यंत्र के मुख्य सूत्रधार की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी हैं। वहीं, पीड़ित महिला की तहरीर पर उचित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मंडल ब्यूरो चीफ ताहिर अली बांदा से