कैमोर।
कैमोर थाना क्षेत्र के ग्राम खिरवा नंबर 02 में लंबे समय से संचालित कथित अवैध शराब पैकारी के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने गांव में पहुंची शराब की खेप को पकड़ लिया और विरोध प्रदर्शन करते हुए वाहन में तोड़फोड़ भी की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खिरवा नंबर 02 में लंबे समय से अवैध रूप से शराब बिक्री किए जाने की शिकायतें ग्रामीणों द्वारा की जाती रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में अवैध शराब की उपलब्धता के कारण युवाओं के साथ-साथ अब किशोर और नाबालिग बच्चे भी नशे की चपेट में आने लगे हैं, जिससे सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि कई बार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका, जिसके चलते उन्होंने स्वयं कार्रवाई करते हुए शराब की खेप को पकड़ लिया। घटना के दौरान ग्रामीणों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि संबंधित वाहन को नुकसान भी पहुंचा।
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि गांव में अवैध शराब बिक्री पर शीघ्र रोक नहीं लगाई गई तो वे जल्द ही एसडीएम कार्यालय विजयराघवगढ़ पहुंचकर ज्ञापन सौंपेंगे। साथ ही चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में संचालित अवैध पैकारी पर प्रभावी कार्रवाई कर युवाओं और बच्चों को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जाए।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट