राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले में अवैध बोरवेल खनन के खिलाफ उमरियापान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना अनुमति संचालित की जा रही बोरिंग मशीन को जब्त कर तीन आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया तथा एसडीओपी स्लिमनाबाद श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की गई।
थाना प्रभारी महेंद्र कुमार जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम टोला निवासी छोटू लोधी अपने घर की बाड़ी में बिना सक्षम अनुमति के बोरवेल खनन करा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी, जहां बोरिंग मशीन क्रमांक KA 01 MH 6166 से खनन कार्य जारी पाया गया।
पुलिस द्वारा मशीन चालक रामभजन कोल से बोरवेल संबंधी वैध अनुमति के दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने बताया कि वह मशीन एजेंट रामभूषण मिश्रा के कहने पर मजदूरी पर यह कार्य कर रहा था।
नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने बोरिंग मशीन को विधिवत जब्त कर थाना उमरियापान में अपराध क्रमांक 179/2026 दर्ज किया। मामले में मशीन चालक रामभजन कोल, मकान मालिक छोटू लोधी एवं मशीन एजेंट रामभूषण मिश्रा के विरुद्ध धारा 223 भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा म.प्र. पेयजल परिरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 9 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा कलेक्टर के आदेशों की अवहेलना करते हुए अवैध रूप से बोरवेल खनन कराया जा रहा था। मामले की विवेचना जारी है।
सराहनीय भूमिका : कार्रवाई में थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल के निर्देशन में स.उ.नि. कोदूलाल दाहिया एवं सउनि गया प्रसाद मंगोरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।