फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)।
कस्बे के एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान एक महिला की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के बाद अस्पताल बंद मिला और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं पर अग्रिम आदेश तक रोक लगाने का नोटिस चस्पा कर दिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम ठिरिया खेतल निवासी रामप्रकाश अपनी गर्भवती पत्नी राजकुमारी (30) को रविवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर कस्बे के भिटौरा स्टेशन रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर आए थे। परिजनों के मुताबिक सामान्य प्रसव न होने पर महिला को दोपहर में ऑपरेशन थियेटर में ले जाया गया, जहां करीब दो घंटे बाद एक पुत्र का जन्म हुआ। बच्चा सुरक्षित बताया जा रहा है।
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान महिला की हालत बिगड़ गई, लेकिन अस्पताल कर्मियों ने इसकी जानकारी नहीं दी। जब परिजन ऑपरेशन कक्ष के अंदर पहुंचे तो महिला बेसुध अवस्था में मिली। हंगामे के बाद अस्पताल प्रबंधन अपनी एंबुलेंस से महिला को बरेली ले गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल संचालक, चिकित्सक और कर्मचारी मौके से चले गए।
सोमवार सुबह आक्रोशित परिजन अस्पताल पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर खिरका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. संचित शर्मा भी मौके पर पहुंचे, लेकिन अस्पताल बंद मिलने के कारण उन्होंने अस्पताल के मुख्य द्वार पर अग्रिम आदेश तक चिकित्सा सेवाएं संचालित न करने का नोटिस चस्पा कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खिरका सीएचसी प्रभारी डॉ. संचित शर्मा ने बताया कि अस्पताल का पंजीकरण है, लेकिन घटना के बाद अस्पताल बंद मिला। जांच पूरी होने तक चिकित्सा सेवाओं पर प्रतिबंध संबंधी नोटिस चस्पा किया गया है।
फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और संभावित जिम्मेदारी की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली