राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी में छोटे व्यापारियों और पथ विक्रेताओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत नगर निगम कटनी द्वारा 30 जून तक लोक कल्याण मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले के माध्यम से न केवल स्ट्रीट वेंडर्स को आसान ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, बल्कि उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा।
वीओ-1
नगर निगम कटनी परिसर में आयोजित इस विशेष अभियान के तहत पात्र पथ विक्रेताओं से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत ऋण आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। योजना के प्रथम चरण में 15 हजार रुपये, द्वितीय चरण में 25 हजार रुपये तथा तृतीय चरण में 50 हजार रुपये तक का ऋण बैंकों के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा।
वीओ-2
राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अधिकारियों के अनुसार, समय पर ऋण चुकाने वाले हितग्राहियों को 30 हजार रुपये तक के क्रेडिट कार्ड की सुविधा सहित अन्य प्रोत्साहन लाभ भी दिए जाएंगे। इसका उद्देश्य छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उनके व्यवसाय का विस्तार करना है।
वीओ-3
लोक कल्याण मेले की खास बात यह है कि यहां पथ विक्रेताओं और उनके परिवारों की सामाजिक प्रोफाइलिंग कर उन्हें केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा। इनमें प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड, जननी सुरक्षा योजना, भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार पंजीयन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना शामिल हैं।
वीओ-4
नगर निगम ने सभी पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे 30 जून से पहले लोक कल्याण मेले में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाएं और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।