आंवला।
आंवला में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में सोमवार को कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए कोतवाली प्रभारी वीनू सिंह ने शासन और उच्चाधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीन से ताजियों की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। इससे अधिक ऊंचाई वाले ताजियों को अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रभारी वीनू सिंह ने उदाहरण देते हुए बताया कि यदि किसी व्यक्ति या वाहन की ऊंचाई 4-5 फीट है, तो उस पर रखे जाने वाले ताजिये की ऊंचाई अधिकतम 8 फीट ही होगी। ताजिए की कुल ऊंचाई किसी भी स्थिति में 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाल ने यह भी बताया कि त्योहार के दौरान अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और संवेदनशील इलाकों का लगातार दौरा किया जा रहा है।
कोतवाली प्रभारी वीनू सिंह ने लोगों से मोहर्रम पर्व को हमेशा की तरह अमन और आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न देने और तुरंत पुलिस को सूचित करने का आग्रह किया। बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बैठक में ताजियादारों और ग्राम प्रधानों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला जिला बरेली