बरेली आंवला/अलीगंज थाना
क्षेत्र के कस्वा राजपुर कला में बाइक सवार दो शातिर बदमाशों ने एक दुकान से ₹5000 की कीमत का नोटों का हार, सिगरेट की डिब्बी और अन्य सामान ठग लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद से स्थानीय दुकानदारों में गहरा रोष और भय का माहौल है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।
पीड़ित दुकानदार मोहित पोरवाल ने बताया कि एक मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग उनकी दुकान पर आए। उनमें से एक व्यक्ति बाइक पर ही बैठा रहा, जबकि दूसरा दुकान के अंदर आया। उसने मोहित से ₹5000 के नोटों का हार दिखाने को कहा। हार पसंद आने पर उसने उसे अखबार में पैक करवा लिया।
इसके बाद शातिर ने ₹2000 की 20 के नोटों की गड्डी, एक सिगरेट की डिब्बी और कुछ अन्य सामान भी लिया, जिससे कुल बिल ₹7650 हुआ। पैसे देने के नाम पर उसने गूगल पे (Google Pay) से भुगतान करने की बात कही और दुकान पर रखा स्कैनर मांगा। मोहित ने जैसे ही प्लास्टिक स्कैनर सामने रखा, आरोपी अपने मोबाइल में पैसे ट्रांसफर करने का नाटक करने लगा।
ठग ने चालाकी दिखाते हुए मोहित से कहा कि वह उसका फोन देखे कि पैसे पहुंचे या नहीं। जैसे ही मोहित ने फोन चेक करने के लिए दराज खोली, वैसे ही काउंटर पर रखा हार और सामान उठाकर बदमाश बाहर भागा और पहले से स्टार्ट खड़ी मोटरसाइकिल पर बैठकर अपने साथी के साथ फरार हो गया। जब तक मोहित कुछ समझ पाते, दोनों आंखों से ओझल हो चुके थे। घटना के समय मोहित के भाई सिंह यादव भी दुकान के बाहर बेंच पर बैठे हुए थे।
वारदात के तुरंत बाद मोहित ने अपने पड़ोसी सुभाष वर्मा को साथ लिया और गुलड़िया गौरी शंकर व आसपास के रास्तों पर बदमाशों का पीछा किया, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिला। गुलड़िया रोड पर चेकिंग कर रहे दरोगा मनोज कुमार को घटना की जानकारी दी गई, जिन्होंने पीड़ित को थाने जाकर मोटरसाइकिल की वीडियो फुटेज के साथ लिखित रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दी।
इस दुस्साहसिक वारदात के बाद राजपुर कला के दुकानदारों और व्यापारियों में असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है।
थाना प्रभारी जगत सिंह ने बताया आज हमको प्रार्थना पत्र मिला है मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला जिला बरेली