शहजाद आलम, जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के तुलसियापुर चौराहे पर निर्माणाधीन गेट गिरने से हुई मजदूर मुस्ताक (22) की मौत के मामले में सोमवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं और पदाधिकारियों ने मृतक के गांव मढ़नी पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की तथा शोक संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय ने मृतक के परिवार को ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित उच्चाधिकारियों से वार्ता कर मृतक के परिजनों को अविलंब मुआवजा और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया है।
समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि हादसे के पांच दिन बीत जाने के बाद भी मृतक के परिवार को कोई ठोस सहायता नहीं मिल सकी है, जो प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द आर्थिक सहायता और सरकारी योजनाओं का लाभ परिवार तक पहुंचाने की मांग की।
मणेन्द्र मिश्रा ने मृतक के पिता किताबुल्लाह को राशन किट और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री प्रदान की। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी है और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
गौरतलब है कि बीते सप्ताह तुलसियापुर चौराहे पर निर्माणाधीन गेट अचानक गिर जाने से मजदूर मुस्ताक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग भी पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा एवं सहायता दिलाने की मांग कर रहे हैं।
इस अवसर पर उग्रसेन सिंह, इब्राहिम बाबा, वीरेंद्र तिवारी, शकील शाह, जावेद खान, मसूद खान, गोपाल फौजी, हरिनाथ यादव, राकेश दूबे, अजय चौरसिया, जमील प्रधान, मतलूब आलम, महबूब आलम, सऊद, मौलाना अलीम, संजय यादव, जलाल अहमद, अब्दुल मन्नान, गुड्डू, दानिश, मो. खालिद, शादाब आलम, मारूफ आलम, शफीक, हरिहर प्रसाद और इरशाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।