शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” अभियान के अंतर्गत श्रम विभाग द्वारा जनपद के सभी विकास खंडों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को विकास खंड बर्डपुर के सभागार में श्रमिक पंजीकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु विशेष शिविर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र श्रमिकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर उनका अधिक से अधिक पंजीकरण कराया जाए। उन्होंने कहा कि 6 जून से 20 जून तक सभी विकास खंडों में आयोजित हो रहे इन शिविरों के माध्यम से श्रमिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का अभियान प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। जिलाधिकारी ने ईंट भट्ठों पर कार्यरत मजदूरों को भी श्रमिक पंजीकरण से जोड़ने के निर्देश दिए।
सहायक श्रम आयुक्त ओम प्रकाश ने शिविर में उपस्थित लोगों को उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना, कन्या विवाह सहायता योजना, निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना तथा संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना सहित कई कल्याणकारी योजनाएं श्रम विभाग द्वारा संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए श्रमिक कार्ड (बीओसीडब्ल्यू) बनवाना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिक 90 दिन कार्य करने का प्रमाण प्रस्तुत कर तथा 40 रुपये अंशदान जमा कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। शिविर में बड़ी संख्या में श्रमिकों एवं ग्रामीणों ने भाग लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा विकास खंड के अधिकारी उपस्थित रहे।