किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
जांजगीर।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिला जेल में दुष्कर्म के एक आरोपी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे जाने के अगले ही दिन हुई इस घटना से जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी को दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेजा गया था।
मंगलवार सुबह जेल के भीतर वह फंदे पर लटका मिला। जेल कर्मियों ने तत्काल उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। नियमानुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पंचनामा व अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जेल प्रशासन का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं, न्यायिक हिरासत में हुई इस मौत को देखते हुए संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक वैधानिक जांच भी कराई जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के बाद ही मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।