शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
सिद्धार्थनगर जिले के विकास खंड खुनियांव की चार ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के नाम पर वित्तीय अनियमितताओं और सरकारी धन के गबन का मामला सामने आया है। जांच में कुल 6 लाख 11 हजार 426 रुपये के गबन की पुष्टि होने के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित ग्राम विकास अधिकारी मोईदुर्रहमान के निलंबन के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) खुनियांव द्वारा ग्राम पंचायत खखरा-खखरी, बगहवा, सिरसिया तथा तेलियाडीह का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण रिपोर्ट जनपद स्तर पर भेजे जाने के बाद मामले की समीक्षा की गई।
जांच में ग्राम पंचायत खखरा-खखरी में आंगनबाड़ी केंद्र मरम्मत और डस्टबिन इंस्टॉलेशन कार्यों में अनियमितता करते हुए 2 लाख 92 हजार 500 रुपये के गबन का मामला सामने आया। वहीं ग्राम पंचायत बगहवा में पंचायत भवन की चित्रकारी पर 69 हजार रुपये तथा डस्टबिन इंस्टॉलेशन में 77 हजार 600 रुपये की वित्तीय अनियमितता पाई गई।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत सिरसिया में आंगनबाड़ी केंद्र मरम्मत कार्य में माप पुस्तिका (एमबी) से अधिक भुगतान कर 7 हजार 111 रुपये तथा डस्टबिन इंस्टॉलेशन में 77 हजार 600 रुपये के गबन की पुष्टि हुई। ग्राम पंचायत तेलियाडीह में ओपन जिम निर्माण कार्य के लिए वित्तीय स्वीकृति प्राप्त किए बिना ही 87 हजार 615 रुपये की धनराशि आहरित कर ली गई।
जांच में पाया गया कि अधिकांश अनियमितताएं मोईदुर्रहमान के कार्यकाल से संबंधित हैं। उनके विरुद्ध सरकारी अभिलेखों में कूटरचना, नियमों के विपरीत धनराशि आहरण तथा सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए हैं।
मामले को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को मोईदुर्रहमान को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।