शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
समाजवादी पार्टी के जोगिया एसआईआर प्रभारी मणेन्द्र मिश्रा ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के बाद प्रकाशित मतदाता सूची में नामों के दोहराव और अन्य त्रुटियों को लेकर निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आयोग से फर्जी एवं दोहराए गए नामों को तत्काल मतदाता सूची से हटाने की मांग की है।
मणेन्द्र मिश्रा ने शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बभनी, परसोहिया, डबरा, नगपरा, जमहिरिया और खेतवल मिश्र सहित एक दर्जन बूथों पर बैठकों के दौरान नई मतदाता सूची का परीक्षण किया। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर अभियान के बाद भी कई बूथों पर एक ही मतदाता का नाम दो बार दर्ज है, जिससे निर्वाचन आयोग के शत-प्रतिशत शुद्ध मतदाता सूची के दावे पर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने बताया कि कई मामलों में मतदाता का नाम, पिता या पति का नाम, उम्र और मकान संख्या समान होने के बावजूद केवल ईपीआईसी (EPIC) नंबर बदला गया है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि बूथ संख्या 294 खेतवल मिश्र और 296 डबरा की मतदाता सूची में साफिया खातून का नाम दो बार दर्ज है। इसी प्रकार बूथ संख्या 289 बभनी में सोनू तथा कृतिका मिश्रा के नाम भी अलग-अलग क्रम संख्याओं पर समान विवरण के साथ दर्ज पाए गए हैं।
मिश्रा ने कहा कि मतदाता सूची में नामों का दोहराव निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगाता है। उन्होंने बताया कि जल्द ही समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल निर्वाचन अधिकारियों से मिलकर बूथवार त्रुटियों के साक्ष्य प्रस्तुत करेगा और आवश्यक सुधार की मांग करेगा।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी बूथ स्तर पर अभियान चलाकर मतदाता सूची की खामियों को चिह्नित करेगी तथा फर्जी और दोहराए गए नामों को हटाने के लिए जनजागरण अभियान भी चलाएगी।
बैठकों में मंजूर खान, अजय चौरसिया, संजय यादव, सूरज भास्कर, शिवरतन निषाद, जावेद अख्तर, मदन निषाद सहित समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।