राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज
कटनी से एक सकारात्मक और प्रेरणादायक खबर सामने आई है, जहां मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी यानी एमपी ट्रांसको के अभियंताओं ने अपनी तकनीकी दक्षता का शानदार प्रदर्शन करते हुए कंपनी को करीब 50 लाख रुपये की बचत कराई है।
कटनी स्थित 400 केवी सबस्टेशन में स्थापित बिरसिंहपुर नंबर-2 फीडर के 400 केवी एबीबी निर्मित सर्किट ब्रेकर की सफलतापूर्वक इन-हाउस ओवरहॉलिंग कर यह उपलब्धि हासिल की गई। अतिरिक्त मुख्य अभियंता आर.सी. शर्मा की पहल पर अभियंताओं और तकनीकी कर्मचारियों ने लगभग एक सप्ताह तक लगातार मेहनत कर इस चुनौतीपूर्ण कार्य को पूरा किया।
यह सर्किट ब्रेकर बिरसिंहपुर ताप विद्युत गृह से आने वाले महत्वपूर्ण 400 केवी फीडर पर लगा है, जिसके माध्यम से लगभग 350 मेगावाट बिजली का पारेषण किया जाता है। प्रदेश की विद्युत व्यवस्था में इस फीडर की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में ब्रेकर की सफल ओवरहॉलिंग से विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता और ग्रिड सुरक्षा दोनों को मजबूती मिली है।
विशेष बात यह है कि यह ब्रेकर लगभग 20 वर्ष पुराना फर्स्ट जेनरेशन उपकरण है, जिसके स्पेयर पार्ट्स बाजार में उपलब्ध नहीं थे। इसके बावजूद कटनी डिवीजन की टीम ने अपने अनुभव और तकनीकी कौशल के बल पर निरीक्षण, परीक्षण, मरम्मत और आवश्यक पार्ट्स के प्रतिस्थापन का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया। इस कार्य में ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस संभाग दमोह और कटनी का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस उपलब्धि पर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अभियंताओं और कर्मचारियों की सराहना करते हुए इसे आत्मनिर्भरता, संसाधनों के कुशल उपयोग और तकनीकी उत्कृष्टता का बेहतरीन उदाहरण बताया है। उन्होंने कहा कि एमपी ट्रांसको के अभियंता अपनी विशेषज्ञता के दम पर महत्वपूर्ण उपकरणों के रखरखाव और पुनर्संचालन में लगातार नई मिसालें कायम कर रहे हैं।