राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी में सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण कर कबाड़ का कारोबार चला रहे एक व्यवसायी पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। निगम प्रशासन ने नियमों की अनदेखी और आम लोगों की परेशानी को देखते हुए कबाड़ दुकान को सील कर दिया।
मामला मदन मोहन चौबे वार्ड स्थित मुन्नू चौबे गली का है, जहां बरगवां निवासी एक कबाड़ व्यवसायी लंबे समय से सार्वजनिक सड़क और आसपास के क्षेत्र में कबाड़ सामग्री का भंडारण कर व्यवसाय संचालित कर रहा था। इससे क्षेत्र में आवागमन बाधित हो रहा था और स्थानीय लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह के अनुसार, नागरिकों की शिकायतों के बाद निगम प्रशासन ने कई बार व्यवसायी को मौखिक और लिखित चेतावनी देकर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए थे, लेकिन चेतावनियों के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ।
मंगलवार को निगम अमले ने मौके का निरीक्षण किया और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान को सील कर दिया। निगम अधिकारियों का कहना है कि खुले में रखी कबाड़ सामग्री से दुर्घटनाओं और सुरक्षा संबंधी खतरे भी उत्पन्न हो रहे थे।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में सड़क, गली और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाएं प्रभावित न हों।