राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहर के विद्यार्थियों और पाठकों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार सुबह नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने वेंकट लाइब्रेरी का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुस्तक संग्रह, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल सुविधा, कंप्यूटर कक्ष और आधारभूत सुविधाओं का अवलोकन करते हुए आवश्यक सुधार कार्यों के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने लाइब्रेरी में अध्ययन करने आने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या और उनकी जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को ध्यान में रखते हुए नवीनतम एवं उपयोगी प्रतियोगी परीक्षा संबंधी पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश लाइब्रेरी प्रबंधन को दिए।
स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने परिसर और प्रसाधन कक्षों की नियमित सफाई बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
कंप्यूटर कक्ष के निरीक्षण के दौरान सुश्री परिहार ने स्वयं कंप्यूटर संचालित कर इंटरनेट स्पीड और उपलब्ध सुविधाओं की जांच की। उन्होंने कंप्यूटरों की सुरक्षा के लिए एंटीवायरस सॉफ्टवेयर स्थापित कराने और आवश्यक सॉफ्टवेयर सब्सक्रिप्शन उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान लाइब्रेरी में उपलब्ध फर्नीचर और बुक शेल्फ की स्थिति का भी अवलोकन किया गया। निगमायुक्त ने फर्नीचर व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए मरम्मत एवं अन्य आधारभूत सुधार कार्यों का प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा।
इसके अलावा वेंकट लाइब्रेरी परिसर के निचले रिक्त स्थल का निरीक्षण करते हुए स्थायी जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बोरिंग कराने संबंधी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर उपयुक्त शैलेश गुप्ता, लाइब्रेरी प्रभारी विजय शर्मा, उपयंत्री जेपी बघेल, स्टेनो आलोक तिवारी, प्रमोद साहू, विनोद सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।