राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोतवाली पुलिस ने बुधवार शाम विशेष पैदल गश्त अभियान चलाया। कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुख्य बाजार एवं व्यस्त मार्गों का भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच-पड़ताल की तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की।
शाम के समय बाजारों में बढ़ती भीड़ और आपराधिक गतिविधियों की संभावनाओं को देखते हुए पुलिस ने सतर्कता बढ़ाई। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कई लोगों से पूछताछ की। वहीं नो-पार्किंग क्षेत्रों में खड़े वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया गया, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में राहत मिली।
थाना प्रभारी राखी पांडे ने बताया कि शाम के समय बाजारों में लोगों की आवाजाही अधिक रहती है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ के बीच वाहन अव्यवस्थित तरीके से खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा नियमित रूप से पैदल गश्त, संदिग्धों की चेकिंग एवं यातायात सुधार अभियान संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशानुसार शहर की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कोतवाली पुलिस लगातार सक्रिय है और आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।