ब्यूरो चीफ मनोज भट्ट जिला बस्तर छत्तीसगढ़
जगदलपुर
कलेक्टर एवं जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफटी) की प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष आकाश छिकारा ने निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया है कि डीएमएफटी मद से स्वीकृत सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अपूर्ण कार्यों में तेजी लाते हुए आम जनता को उनका लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।
जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में आयोजित जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफटी) की प्रबंधकारिणी समिति की बैठक में कलेक्टर ने वर्षवार एवं विभागवार डीएमएफटी मद से स्वीकृत अपूर्ण कार्यों की समीक्षा की। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रस्तावित कार्ययोजना तथा पंचवर्षीय योजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग के भाग 1-2 , लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पी एच ई, उद्यानिकी, कृषि, पशुपालन विभाग, क्रेडा विभाग, पीएमजीएसवाय के स्वीकृत कार्यों और आगामी कार्य योजना के संबंध में चर्चा किया गया ।
समीक्षा के दौरान समस्त क्रियान्वयन एजेंसियों एवं जनपद पंचायतों द्वारा संचालित अपूर्ण कार्यों की भौतिक प्रगति का समीक्षा किया गया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने, नियमित मॉनिटरिंग करने तथा गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए। सभी लम्बित कार्य के विलंब का कारण, अपूर्ण कार्यों के वर्तमान स्तर की फोटो के साथ रिपोर्ट प्रस्तुत करें। जिले में हुए अच्छे कार्यों का भी व्यापक प्रचार प्रसार भी करवाएं। कलेक्टर ने
इतवारी बाजार में निर्माणाधीन पार्किंग स्थल के समीप निर्माण कार्य में विलंब के लिए नाराजगी जाहिर कर निर्माण कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 के स्वीकृत कार्यों को जल्द पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ एवं पदेन सचिव प्रतीक जैन, विभिन्न निर्माण विभागों के अधिकारी, क्रियान्वयन एजेंसियों के प्रतिनिधि तथा सभी जनपद पंचायतों के अधिकारी उपस्थित रहे।