फतेहगंज पश्चिमी।
थाना क्षेत्र के गांव पटवईया निवासी एक युवक ने पुरानी रंजिश के चलते तीन लोगों पर जानलेवा हमले की साजिश रचने और अवैध असलाह दिखाकर धमकाने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अनोखे लाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह जंगल में स्थित एक आम के बाग की रखवाली करता है। आरोप है कि बीती रात जमीनी विवाद को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश के कारण उसके गांव तथा पड़ोसी गांव सत्युइया खास के तीन लोग आधी रात के बाद बाग में पहुंचे। आरोपियों ने अवैध असलाह दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि उसने किसी तरह हाथ-पैर जोड़कर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली