किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
बीजापुर।
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है।
सीआरपीएफ और संयुक्त सुरक्षा बलों ने पीडिया क्षेत्र के एंड्री और हल्ला के घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाते हुए माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए 8 डंप बरामद किए हैं।
अभियान के दौरान जवानों ने अत्यधिक सतर्कता के साथ पूरे इलाके की घेराबंदी कर चरणबद्ध तरीके से तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान नक्सलियों द्वारा भविष्य में सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने और अपनी गतिविधियों को संचालित करने के उद्देश्य से जंगल में छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की गई।
बरामद डंपों से दैनिक उपयोग का सामान, नक्सली साहित्य, रसद सामग्री और अन्य जरूरी उपकरण मिले हैं। सुरक्षा बलों ने सभी सामग्री को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इन डंपों के मिलने से क्षेत्र में सक्रिय माओवादी संगठन को बड़ा झटका लगा है। इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है और जवान आसपास के जंगलों में गहन तलाशी अभियान चला रहे हैं।