राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
केंद्र एवं प्रदेश शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा 15, 16 एवं 18 जून 2026 को नगर निगम कार्यालय परिसर में तीन दिवसीय विशेष जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होंगे, जहां पात्र एवं वंचित हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा।
नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शिविरों के सफल संचालन के लिए व्यापक तैयारियों के निर्देश जारी करते हुए उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया है। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपकर सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
हितग्राहियों की सुविधा पर विशेष जोर
आयुक्त ने शिविर स्थल पर नागरिकों के लिए पर्याप्त बैठक व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, वाटरप्रूफ टेंट, साउंड सिस्टम, कूलर-पंखे, पार्किंग तथा अग्निशमन सुरक्षा जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था करने तथा पात्र हितग्राहियों को मैदानी अमले के माध्यम से शिविर तक पहुंचाने की कार्ययोजना भी तैयार की गई है।
एक ही स्थान पर मिलेंगी कई महत्वपूर्ण सेवाएं
जनकल्याण शिविरों में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, ट्रेड लाइसेंस, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की योजनाएं, समग्र ई-केवाईसी, खाद्यान्न पात्रता पर्ची, श्रमिक पंजीयन सहित अनेक हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
इसके अलावा अविवादित संपत्तियों के नामांतरण एवं हस्तांतरण, नो-ड्यूज प्रमाण पत्र, नए नल एवं सीवर कनेक्शन, हैंडपंप एवं ट्यूबवेल सुधार, भवन अनुज्ञा, भवन पूर्णता प्रमाण पत्र, आवासीय भवन निर्माण स्वीकृति, विकास अनुज्ञा अवधि विस्तार तथा फायर एनओसी से संबंधित सेवाएं भी शिविर में उपलब्ध रहेंगी।
श्रमिकों को भी मिलेगा लाभ
श्रम विभाग के अंतर्गत भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की योजनाओं के तहत निर्माण श्रमिकों का पंजीयन किया जाएगा। वहीं मृत्यु की स्थिति में अनुग्रह सहायता से जुड़े प्रकरणों का भी मौके पर निराकरण किया जाएगा।
सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी पर भी फोकस
शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि कर उनका निराकरण सीएम हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। साथ ही लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत अधिसूचित सेवाओं का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर शिविरों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।