दुद्धी (सोनभद्र)।
दुद्धी विकास खंड के महुली स्थित श्री राजा बरियार शाह नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के छठवें दिन शनिवार को खेले गए तीनों मुकाबले रोमांच, ताबड़तोड़ बल्लेबाजी और शानदार गेंदबाजी से भरपूर रहे। देर रात तक चले मुकाबलों में महुअरिया, बभनी और बैरखड़ की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अगले चक्र में प्रवेश किया।
पहले मुकाबले में महुअरिया और विंढमगंज आमने-सामने थे। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए महुअरिया की टीम निर्धारित 7 ओवरों में 54 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी विंढमगंज की टीम महुअरिया के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 7 ओवरों में 4 विकेट खोकर मात्र 37 रन ही बना सकी। इस प्रकार महुअरिया ने 17 रन से शानदार जीत दर्ज की। रियासत को 2 ओवर में 10 रन देकर 2 विकेट लेने पर मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में रामनगर दुद्धी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 96 रन बनाए। टीम के बल्लेबाज वंश ने मात्र 27 गेंदों पर नाबाद 84 रन की विस्फोटक पारी खेलकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। जवाब में बभनी की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 6.5 ओवर में 5 विकेट खोकर 97 रन बनाकर मुकाबला 5 विकेट से जीत लिया। प्रेमलाल ने 19 गेंदों पर 50 रन की बेहतरीन पारी खेली और मैन ऑफ द मैच बने। उन्हें यह पुरस्कार विंध्याचल कन्नौजिया (सेवानिवृत्त इंश्योरेंस बैंक अधिकारी) एवं सत्यनारायण कन्नौजिया (जिला स्काउट कमिश्नर, सोनभद्र) द्वारा प्रदान किया गया।
तीसरे मुकाबले में बैरखड़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 4 विकेट पर 130 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में टाउन क्रिकेट क्लब दुद्धी की टीम 8 ओवर में 6 विकेट पर 91 रन ही बना सकी। बैरखड़ ने 39 रन से शानदार जीत दर्ज की। रेहान ने मात्र 24 गेंदों पर 88 रन बनाने के साथ एक विकेट भी हासिल किया, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह पुरस्कार टाउन क्रिकेट क्लब दुद्धी के अध्यक्ष सुमित सोनी ने प्रदान किया।
मैचों का संचालन अंपायर आकर्ष और शौरभ ने किया, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी आर्यन कन्नौजिया ने निभाई। कमेंट्री सूरज कुमार और सोनू कुमार ने की। इस अवसर पर धर्मेंद्र गुप्ता, सुशील गुप्ता, जसवंत कुमार शर्मा, राजकुमार शर्मा, उदय शर्मा, अवधेश कुमार शर्मा, पंकज गोस्वामी, मनीष कुमार, नवीन कुमार सहित सैकड़ों खेलप्रेमी उपस्थित रहे। टूर्नामेंट में प्रतिदिन बढ़ रही दर्शकों की भीड़ आयोजन की लोकप्रियता को दर्शा रही है।