
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर उर्फ कंजा, उम्र 25 वर्ष, निवासी टेढ़ी नीम, हनुमानताल और अविनाश चौधरी, उम्र 22 वर्ष, निवासी सिंधी कैंप, हनुमानताल के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और चोरी व झपटमारी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 19 अगस्त को हनुमानताल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि समीर उर्फ कंजा और अविनाश मदार टेकरी कब्रिस्तान के अंदर बजूखाना के पास संदिग्ध हालत में खड़े हैं और उनके पास कई मोबाइल फोन हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी के दौरान समीर के पास एक आईफोन, एक वीवो और एक जीओनी मोबाइल मिला, जबकि अविनाश के कब्जे से रेडमी, सैमसंग और वीवो कंपनी के तीन मोबाइल बरामद हुए।
पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि वे मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर मोबाइल और आईफोन की झपटमारी करते थे। आरोपियों ने घमापुर और कृषि उपज मंडी क्षेत्र में झपटमारी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके अलावा उन्होंने घोड़ानक्कास क्षेत्र से एक एक्सिस वाहन चोरी करना भी कबूल किया।
पुलिस की सघन पूछताछ में आरोपियों ने ग्वारीघाट और विजय नगर क्षेत्र से दो ई-रिक्शा चोरी करना भी स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर दोनों चोरी के ई-रिक्शा बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बिना नंबर की एक्सिस, पांच मोबाइल फोन, एक आईफोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 जेडएस 2736 तथा दो ई-रिक्शा क्रमांक एमपी 20 जेडएस 2657 और एमपी 20 जेडयू 2115 जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी समीर उर्फ कंजा आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ मारपीट, आर्म्स एक्ट, जुआ और चोरी सहित 14 अपराध पहले से दर्ज हैं।
दोनों आरोपियों को हनुमानताल, विजय नगर और ग्वारीघाट थाना क्षेत्रों के चोरी और झपटमारी के मामलों में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब बरामद अन्य मोबाइल फोन के संबंध में भी पतासाजी कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल, उप निरीक्षक राजेश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक राजेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक सादिक अली और विनीत श्रीवास की सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्टर – मदन रैकवार जबलपुर