बरेली।
बरेली मंडल के लिए गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। भाजपा नेता, राष्ट्रीय खिलाड़ी और युवा खेल प्रतिभाओं के प्रेरणास्रोत जतिन चौहान को भारतीय खेल संघ में राष्ट्रीय सदस्य की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके मनोनयन से खेल जगत, भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के युवाओं में उत्साह का माहौल है।
खेलों के क्षेत्र में वर्षों से सक्रिय जतिन चौहान राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। खिलाड़ियों के हितों के लिए उनके समर्पण, खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के प्रयास और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए भारतीय खेल संघ ने उन्हें यह अहम दायित्व सौंपा है। इससे पूर्व वह खेल मंत्रालय, भारत सरकार में जिला सलाहकार के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
राष्ट्रीय सदस्य बनने के बाद जतिन चौहान ने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य बरेली मंडल और मीरगंज क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना है। संसाधनों और मार्गदर्शन के अभाव में पीछे रह जाने वाली प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए वह पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि भारतीय खेल संघ और नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को हर संभव मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही युवाओं को खेलों के माध्यम से रोजगार, अनुशासन और बेहतर भविष्य की ओर प्रेरित किया जाएगा।
जतिन चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खेल नीति की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को सम्मान, पुरस्कार और अवसर देकर खेल संस्कृति को मजबूत कर रही है। इससे युवाओं में खेलों के प्रति नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों, भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय नागरिकों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। लोगों का मानना है कि उनके नेतृत्व में बरेली मंडल के खिलाड़ियों को नई पहचान मिलेगी और क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्राप्त होगा।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली