झांसी: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण/विशेष अभियान कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अनुपस्थित BLO को निर्देश, गर्भवती महिला BLO को मिली ड्यूटी से छूट निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने विधानसभा झांसी सदर के अंतर्गत सरस्वती इंडस्ट्रियल पाठशाला स्थित बूथ संख्या 286, 287, 288, 289, 290 एवं 291 का गहनता से अवलोकन किया। निरीक्षण में बूथ संख्या 287 के बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अनुपस्थित पाए गए, जिस पर नाराजगी जताते हुए उन्हें तत्काल बूथ पर उपस्थित होने के कड़े निर्देश दिए गए।
वहीं, निरीक्षण के दौरान एक गर्भवती महिला बीएलओ पर नजर पड़ते ही जिलाधिकारी ने मानवीय व सहानभूतिपूर्वक दृष्टिकोण अपनाते हुए उन्हें तत्काल बीएलओ की ड्यूटी से मुक्त करने का सहृदय आदेश दिया।
पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने पर जोर जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी बीएलओ से प्राप्त फॉर्म 6 (नवीन पंजीकरण), फॉर्म 7 (विलोपन) और फॉर्म 8 (संशोधन) का ब्योरा लिया। बूथ संख्या 289 के बीएलओ श्री रामकुमार एवं बूथ संख्या 290 के बीएलओ श्री देवेंद्र कुमार से बात करते हुए उन्होंने शादी के बाद शिफ्ट हुई महिलाओं और 1 जनवरी 2027 से पूर्व 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नवयुवकों के नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से जोड़ने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि नगर निगम के माध्यम से शहर में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे।
युवाओं और महिलाओं से मतदान में भागीदारी की अपील युवाओं और महिलाओं को जागरूक करते हुए जिलाधिकारी ने कहा, “युवा वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाएंगे और वोट देकर अपना फर्ज निभाएंगे।” उन्होंने महिलाओं का आह्वान करते हुए संदेश दिया:
“संकल्प लें, वोट करेंगे शान से,
लोकतंत्र का ये आधार, वोट न कोई हो बेकार।”
उन्होंने बताया कि जनपद के सभी बूथों पर विशेष कैंप आयोजित किए गए हैं, जहां मतदाताओं की हर समस्या का त्वरित समाधान किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी, प्रभारी एडीओ, तहसीलदार सदर, क्षेत्रीय लेखपाल और संबंधित बूथों के बीएलओ उपस्थित रहे।
