बरेली (आंवला)।
क्षेत्र के अग्रणी शिक्षण संस्थान श्री चित्रगुप्त इंटर कॉलेज, राजपुर कला के नौ होनहार छात्रों ने भारतीय सेना में ‘अग्निवीर’ बनकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। छात्रों की इस अभूतपूर्व सफलता पर सोमवार को विद्यालय परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सफल छात्रों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य और प्रबंध समिति ने संयुक्त रूप से देश सेवा के इस पावन मार्ग पर कदम बढ़ाने वाले वीर छात्रों का माल्यार्पण कर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया।
सेना में चयनित होकर क्षेत्र को गौरवान्वित करने वाले छात्रों में शामिल हैं:
अवनेश कुमार
आदर्श यादव
अतुल कुमार
मोहम्मद समीर
पवनेश कुमार
मोहित कुमार
गणेश
पंकज सिंह
धर्मवीर सिंह
सम्मान पाकर छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे। चयनित छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद और विद्यालय के शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन को दिया। समारोह के दौरान पूरा विद्यालय परिसर ‘जय हिंद, जय भारत’ और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर समस्त विद्यालय परिवार, शिक्षक गण और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने छात्रों को गले लगाकर देश सेवा के इस नए सफर के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला