रिपोर्ट अजय सिंह तोमर
मुरैना
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए ग्राम स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा जनकल्याण शिविरों के माध्यम से लोगों को अपने सुझाव एवं विचार दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाए। वे सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर अश्विनी कुमार रावत, नगर निगम आयुक्त , समस्त एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर तथा विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने बताया कि राज्य शासन द्वारा समान नागरिक संहिता के संबंध में नागरिकों से सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। नागरिक ucc.mp.gov.in पोर्टल पर उपलब्ध लिंक अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से अपने सुझाव एवं मत दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए 22 जून 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान नागरिकों को सुझाव देने के लिए प्रेरित करें तथा पंचायतों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करें।
उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविरों, नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायतों के माध्यम से भी नागरिकों को यूसीसी पर अपनी राय रखने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि किसी भी कानून को अधिक समावेशी और जनहितकारी बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी आवश्यक है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपनी प्रतिक्रिया और सुझाव अवश्य देना चाहिए।
उन्होंने बताया कि 19 जून को ग्राम पंचायत स्तर पर यूसीसी विषयक चर्चा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में पंचायत कर्मी, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) संचालक, पटवारी तथा अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहेंगे और नागरिकों को ऑनलाइन सुझाव दर्ज कराने में सहायता प्रदान करेंगे।
नीट परीक्षा की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी न रहे
कलेक्टर ने आगामी नीट परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा केंद्रों पर फर्नीचर, पेयजल, दीवार घड़ी, पंखे, विद्युत व्यवस्था, पर्याप्त स्टाफ तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय अधिकारी, पुलिस विभाग एवं अन्य संबंधित एजेंसियां समन्वय बनाकर परीक्षा केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। आवश्यकता अनुसार छाया एवं टेंट जैसी व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराई जाएं।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं ज्ञान भारतम मिशन पर विशेष जोर
कलेक्टर ने बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत 14 जून से 21 जून तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों से अधिक से अधिक लोगों का पंजीयन सुनिश्चित कराने का आग्रह किया तथा योग दिवस अभियान से जनसहभागिता बढ़ाने पर बल दिया।
बैठक में ज्ञान भारतम मिशन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि वे नागरिकों को ज्ञान भारतम ऐप डाउनलोड कराने के लिए प्रेरित करें और देश की प्राचीन ज्ञान परंपराओं को संरक्षित करने के अभियान में सक्रिय सहयोग दें।
उन्होंने बताया कि 75 वर्ष या उससे अधिक पुरानी पांडुलिपियां, दस्तावेज, ताम्रपत्र, शिलालेख, चित्र अथवा अन्य ऐतिहासिक सामग्री यदि किसी व्यक्ति, संस्था, मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, गिरिजाघर या सार्वजनिक स्थल पर उपलब्ध हो, तो उनकी जानकारी ज्ञान भारतम ऐप के माध्यम से अपलोड की जा सकती है। दस्तावेजों का स्वामित्व संबंधित व्यक्ति या संस्था के पास ही रहेगा। मिशन का उद्देश्य केवल इन अमूल्य धरोहरों का डिजिटलीकरण एवं संरक्षण करना है।
वर्षा पूर्व नालों की सफाई एवं आपदा प्रबंधन तैयारियां समय पर पूर्ण करें
कलेक्टर ने नगर निगम, नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु से पूर्व नालों एवं नालियों की सफाई प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण की जाए। कहीं भी जलभराव या निकासी संबंधी समस्या उत्पन्न न हो तथा आमजन को असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी विभाग अपने दायित्वों के अनुरूप पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करें। रपटों एवं पुलियाओं के आसपास स्पष्ट चिन्हांकन किया जाए था संवेदनशील क्षेत्रों में चेतावनी संकेतक लगाए जाएं।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जलभराव प्रभावित गांवों में दीवार लेखन के माध्यम से संबंधित कोटवार, राजस्व अधिकारी एवं अन्य जिम्मेदार कर्मचारियों के संपर्क नंबर प्रदर्शित किए जाएं। साथ ही आपदा की स्थिति में सुरक्षित स्थानों की जानकारी भी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि पटवारी, कोटवार एवं ग्राम रोजगार सहायकों की संयुक्त बैठक लेकर उन्हें आपदा प्रबंधन संबंधी दायित्वों की जानकारी दी जाए। सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग एवं अन्य निर्माण एजेंसियों को भी अपने अधीनस्थ संरचनाओं के आसपास संकेतक बोर्ड एवं रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए गए, विशेषकर उन स्थानों पर जहां पिछले वर्षों में अधिक दुर्घटनाएं अथवा समस्याएं सामने आई हैं।
विभागीय प्रदर्शन में सुधार लाने के निर्देश
कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग अपने प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (की-परफॉर्मेंस पैरामीटर्स) में सुधार लाने के लिए विशेष प्रयास करें। जिन संकेतकों में जिले की रैंकिंग अपेक्षाकृत निम्न है, उनमें प्राथमिकता के आधार पर सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि सभी विभाग अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के शीर्ष पांच जिलों में स्थान प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित करें।
पीएम श्रम योगी मानधन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
बैठक में प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा जब मैदानी अमला सीधे हितग्राहियों तक पहुंचे। उन्होंने सभी जनपद एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सक्रियता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके