किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
धमतरी में नए शिक्षण सत्र 2026-27 की शुरुआत उत्साह और उमंग के माहौल में हुई। करीब दो महीने की गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल पहुंचे बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। पुराने दोस्तों से मुलाकात और नए सत्र की शुरुआत ने विद्यालय परिसर को उत्सव जैसा माहौल दे दिया।
गोकुलपुर स्थित प्राथमिक शाला में सुबह 7:30 बजे राज्य गीत और राष्ट्रगान के साथ नए सत्र का शुभारंभ किया गया। शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया और चॉकलेट बांटकर उनका मुंह मीठा कराया।
पहली बार स्कूल पहुंचे नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों में भी खास उत्साह देखने को मिला। नए बैग, नई किताबें और नई यूनिफॉर्म पहनकर पहुंचे बच्चों ने मुस्कुराते हुए अपनी नई शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत की। उन्होंने नए सहपाठियों और शिक्षकों से परिचय किया तथा विद्यालय के वातावरण को पूरे उत्साह के साथ अपनाया।
स्कूल प्रबंधन ने बच्चों के लिए स्वागत कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अनुशासन का पालन करने का संदेश दिया। नए सत्र के पहले दिन पूरे विद्यालय में उल्लास, ऊर्जा और सकारात्मक माहौल देखने को मिला।