सहारनपुर में सेवाएं दे चुके हेड कांस्टेबल के बेटे का सैनिक स्कूल में चयन, नगरोटा में मिला प्रवेश
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस के हेड कांस्टेबल निर्भय अहलावत के पुत्र उदयजीत सिंह अहलावत ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर बड़ी सफलता हासिल की है। उदयजीत का चयन जम्मू स्थित सैनिक स्कूल नगरोटा में हुआ है। सहारनपुर जनपद से चयनित होने वाले वह एकमात्र छात्र बताए जा रहे हैं।
उदयजीत सिंह अहलावत शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं। उनका सपना सैनिक स्कूल में प्रवेश लेकर आगे चलकर भारतीय सेना में अधिकारी बनने का है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने नवंबर 2025 में सैनिक स्कूल की प्रवेश परीक्षा दी थी।
उदयजीत के पिता निर्भय अहलावत, जो वर्तमान में शामली जिले में जीआरपी (Government Railway Police) में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं और पूर्व में सहारनपुर में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं, ने बताया कि बेटे की इच्छा और समर्पण को देखते हुए उन्होंने उसकी तैयारी में पूरा सहयोग किया। परीक्षा परिणाम घोषित होने पर उदयजीत का चयन सैनिक स्कूल नगरोटा, जम्मू के लिए हो गया।
उदयजीत की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। माता-पिता, परिजनों, मित्रों और पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उनकी सफलता जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़