बांदा: एक महीने से टूटी पड़ी STW-13 विद्युत लाइन, किसानों ने लगाया धन उगाही और लापरवाही का आरोप
बांदा। जिले के मुरवल पावर हाउस से संचालित रगौली फीडर अंतर्गत STW-13 नंबर सरकारी ट्यूबवेल की मुख्य विद्युत लाइन पिछले एक महीने से अधिक समय से खराब पड़ी है। किसानों का आरोप है कि बिजली विभाग की उदासीनता और कर्मचारियों की लापरवाही के कारण लाइन अब तक दुरुस्त नहीं की गई, जिससे क्षेत्र के किसान गंभीर परेशानी का सामना कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पिछले महीने आई तेज आंधी के दौरान एक बिजली पोल का तार टूट गया था, जिसके बाद से STW-13 की मुख्य लाइन बंद पड़ी है। यह लाइन एक सरकारी ट्यूबवेल समेत लगभग 12 निजी ट्यूबवेलों को विद्युत आपूर्ति प्रदान करती है। लाइन बंद होने से सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है और भीषण गर्मी तथा बारिश की कमी के बीच किसानों की फसलें संकट में हैं।
किसानों का आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि लाइनमैन राजू पाल और संविदा कर्मचारी अनूप तिवारी केवल उन्हीं कार्यों को प्राथमिकता देते हैं, जहां उन्हें आर्थिक लाभ मिलता है। किसानों का दावा है कि लाइन ठीक कराने के लिए अप्रत्यक्ष रूप से धन की मांग की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस संबंध में कई बार संबंधित जूनियर इंजीनियर (JE) अनिल कुमार से भी शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। आरोप है कि विभागीय अधिकारियों की निष्क्रियता के चलते कर्मचारियों के हौसले बुलंद हैं और किसान लगातार परेशान हो रहे हैं।
मामले की जानकारी लेने के लिए जब संबंधित JE अनिल कुमार से दूरभाष के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनका मोबाइल फोन बंद मिला। वहीं, एसडीओ बबेरू से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
क्षेत्र के किसानों ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर जल्द से जल्द विद्युत लाइन दुरुस्त कराने तथा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
रिपोर्ट: जरीना खातून, ब्यूरो चीफ