ब्यूरो चीफ मनोज भट्ट
जिला बस्तर छत्तीसगढ़
तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ
विधायक किरण सिंह देव ने पीएम मोदी के 12 वर्षों के नेतृत्व को बताया ऐतिहासिक*··
जगदलपुर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा जगदलपुर शहर के ऐतिहासिक सिरहासार चौक में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। शुक्रवार की शाम को प्रदर्शनी का शुभारंभ जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने फोटो प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री के कार्यकाल में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन सहित प्रगति एवं उपलब्धि पर केंद्रित छायाचित्र का बारीकी से अवलोकन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक किरण सिंह देव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने निरंतर देश सेवा करते हुए राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और विश्व स्तर पर भारत की पहचान मजबूत हुई है।
विधायक किरण देव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं समाज के सभी वर्गों के लिए समान रूप से संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास, मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला, सौर ऊर्जा सहित अनेक योजनाओं से आमजन को लाभ मिल रहा है।उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने स्वयं ‘हर घर सूर्य योजना’ का लाभ लिया है। सोलर पैनल लगाने के बाद बिजली खर्च में काफी कमी आई है। उन्होंने आम नागरिकों से भी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
विधायक देव ने कहा कि देश में बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहा है। सड़कों का विस्तार, रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण और मेट्रो सुविधाओं का विस्तार इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सहित देश नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और आर्थिक क्षेत्र में भी भारत तेजी से प्रगति कर रहा है।
विधायक किरण देव ने जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रदर्शनी आम नागरिकों को सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देने का बेहतर माध्यम है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण वेद प्रकाश पांडेय, रजनीश पाणिग्रही, आनंद झा, योगेंद्र पांडे, प्रकाश झा, अविनाश, रिंकू शर्मा और अन्य पार्टी पदाधिकारी सहित जनसंपर्क विभाग के उप संचालक कमल कुमार बघेल, चंद्र शेखर कश्यप, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।