✍️राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
मोबाइल पर बात करते हुए गाड़ी चलाना पड़ सकता है भारी, कटनी यातायात पुलिस की सख्त निगरानी में 312 चालकों पर कार्रवाई
कटनी। सड़क पर वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करना अब केवल लापरवाही नहीं, बल्कि कानूनी कार्रवाई को आमंत्रण देने जैसा है। कटनी यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात अनुशासन स्थापित करने के लिए विशेष अभियान संचालित कर रही है।
यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर ने बताया कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करना, मैसेज पढ़ना या सोशल मीडिया का उपयोग करना चालक की एकाग्रता को प्रभावित करता है, जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। इसी कारण मोटर वाहन अधिनियम के तहत ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का उपयोग दंडनीय अपराध है।
सीसीटीवी कैमरों की पैनी नजर, हर उल्लंघन हो रहा रिकॉर्ड,
कटनी शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरे नियम तोड़ने वालों पर लगातार निगरानी रख रहे हैं। मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने, सिग्नल जंप करने, बिना हेलमेट, ट्रिपल सवारी और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की गतिविधियां कैमरों में रिकॉर्ड हो रही हैं। फुटेज के आधार पर भी पहचान कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पांच माह में 312 चालकों पर कार्रवाई, वसूला गया 1.56 लाख रुपये जुर्माना
कटनी यातायात पुलिस के अनुसार 1 जनवरी 2026 से 30 मई 2026 तक वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करते पाए गए 312 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 1 लाख 56 हजार रुपये का समन शुल्क एवं जुर्माना वसूला गया।
यातायात पुलिस हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, ट्रिपल सवारी, नो पार्किंग और सिग्नल जंप जैसे मामलों में भी लगातार कार्रवाई कर रही है तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
यातायात पुलिस की अपील
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें। आवश्यक कॉल आने पर सुरक्षित स्थान पर वाहन रोककर ही बात करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। निर्धारित गति सीमा का पालन करें और यातायात नियमों का सम्मान करें।
जनहित संदेश
“मोबाइल पर आया संदेश कुछ देर इंतजार कर सकता है, लेकिन सड़क पर आपकी एक गलती किसी परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन सकती है।”
सुरक्षित यातायात, सुरक्षित कटनी और सुरक्षित जीवन के लिए ड्राइविंग के दौरान मोबाइल नहीं, सड़क पर ध्यान दें।