✍ किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
बिलासपुर में कोयला चोरी और मिलावट का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, सकरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
बिलासपुर। कोयला चोरी और उसमें मिलावट कर शासन तथा उद्योगों को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाने वाले गिरोह के कथित मास्टरमाइंड को सकरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस ने कोनी क्षेत्र से दबोचा। इस कार्रवाई को कोयला तस्करी और मिलावट के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार मामला 9 जून का है, जब दीपका माइंस से लोखंडी स्थित भाटिया एनर्जी प्लांट के लिए कोयले की खेप रवाना की गई थी। जांच में सामने आया कि परिवहन के दौरान रास्ते में कोयले की हेराफेरी कर उच्च गुणवत्ता वाले कोयले की जगह कम गुणवत्ता वाला और मिलावटी कोयला भेज दिया गया। इससे न केवल उद्योग को नुकसान हुआ, बल्कि सरकारी राजस्व को भी चूना लगाया गया।
मामले की शिकायत मिलने के बाद सकरी पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, परिवहन दस्तावेजों और संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल के दौरान गिरोह के नेटवर्क का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से कोयला चोरी और मिलावट के कारोबार में सक्रिय था तथा पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी को कोनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय कोयला चोरी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। मामले में आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है तथा संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।