✍️राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी में निगम का बड़ा एक्शन: इंदिरा आवास योजना के 12 मकान अवैध कब्जे से मुक्त, पात्र हितग्राहियों को मिलेगा लाभ
कटनी में नगर निगम प्रशासन ने इंदिरा आवास योजना के तहत बनाए गए आवासों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। निगम की संयुक्त टीम ने चांदमारी बस्ती में अभियान चलाकर 12 आवासों को अतिक्रमण मुक्त कराया है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, शासन की आईएचएसडीपी योजना के तहत गरीब और आवासहीन परिवारों के लिए बनाए गए मकानों पर कुछ अपात्र व्यक्तियों द्वारा अनधिकृत कब्जा कर लिया गया था। शिकायतों और जांच के बाद निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सत्यापन किया, जिसमें कब्जा अवैध पाया गया।
निगम प्रशासन ने संबंधित लोगों को पहले नोटिस जारी कर दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर शनिवार को पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए सभी 12 आवास खाली करा लिए गए।
कार्रवाई के दौरान योजना के नोडल अधिकारी सुनील सिंह और अतिक्रमण अधिकारी मानेंद्र सिंह सहित निगम का अमला मौजूद रहा। अधिकारियों का कहना है कि योजना का लाभ केवल वास्तविक और पात्र हितग्राहियों को ही मिलना चाहिए।
बाइट/अधिकारी कथन:
“इंदिरा आवास योजना के तहत निर्मित आवासों का भौतिक सत्यापन लगातार किया जा रहा है। जहां भी अवैध कब्जा मिलेगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और पात्र हितग्राहियों को आवास उपलब्ध कराया जाएगा।”
वीओ-4 (समापन):
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में योजना के तहत बने सभी आवासों का चरणबद्ध सत्यापन जारी है। आने वाले दिनों में भी अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक हकदारों तक पहुंच सके।