बेलवा में कोटेदार पर राशन घोटाले का आरोप, जांच के आदेश
शहजाद आलम, जिला संवाददाता, सिद्धार्थनगर।
सिद्धार्थनगर जिले के मिश्रौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बेलवा में राशन वितरण को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। ग्रामीणों ने गांव के कोटेदार पर आरोप लगाया है कि वह पिछले लगभग तीन महीनों से लाभार्थियों का अंगूठा लगवाकर राशन नहीं दे रहा है। मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। वहीं जिला पंचायत सदस्य ने जांच कर कार्रवाई की मांग की है, जबकि सप्लाई विभाग ने भी जांच के बाद कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई महीनों से उन्हें सरकारी राशन नहीं मिल रहा है, जबकि ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाया जा रहा है। लाभार्थियों का कहना है कि जब उन्होंने अपने हक के राशन की मांग की तो उन्हें टालमटोल किया जाता रहा।
मिली जानकारी के अनुसार कोटेदार ने पहले ग्रामीणों से राशन ले जाने की बात कही थी, लेकिन बाद में सुग्रीम, जीवन पुनवासी सहित कुछ अन्य लोगों के खिलाफ मिश्रौलिया थाने में प्रार्थना पत्र देकर राशन चोरी करने का आरोप लगा दिया। इसके बाद गांव में मामला और गरमा गया तथा ग्रामीणों ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की।
मामले पर जिला पंचायत सदस्य प्रतीक राय शर्मा ने कहा कि ग्रामीणों की शिकायत गंभीर है और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कोटेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि पात्र लाभार्थियों को उनका अधिकार मिल सके।
वहीं सप्लाई इंस्पेक्टर राघवेंद्र शाही ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कोटेदार के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। देखना होगा कि ग्रामीणों के आरोपों में कितनी सच्चाई सामने आती है और प्रशासन दोषियों पर क्या कार्रवाई करता है।