हमें यह बताते हुए अत्यंत हर्ष और गर्व का अनुभव महसूस हो रहा है कि परदादा परदादी एजुकेशनल सोसाइटी (PPES) को एजुकेशनवर्ल्ड इंडिया स्कूल रैंकिंग्स 2026–27 में लगातार दूसरे वर्ष भारत का नंबर 1 परोपकारी विद्यालय (India’s No. 1 Philanthropic School) घोषित किया गया है!
यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हमारी बेटियों, शिक्षकों और समस्त कर्मचारियों के लिए अपार खुशी, गर्व और नई प्रेरणा का स्रोत बनी है।
परदादा परदादी के अध्यक्ष श्री लोकेन्द्र पाल सिंह ने कहा, “यह असाधारण उपलब्धि हमारे शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की निरंतर मेहनत, समर्पण और सहयोग का परिणाम है। हम ग्रामीण समुदायों के विकास तथा बेटियों और महिलाओं को शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनाने के अपने मिशन के प्रति प्रतिबद्ध हैं।”
इसी भावना को व्यक्त करते हुए परदादा परदादी की CEO सुश्री सपना वर्मा ने कहा, “यह पुरस्कार हमें याद दिलाता है कि कुछ भी असंभव नहीं है। वर्ष 2000 में हमने केवल 45 बेटियों के साथ अपनी यात्रा शुरू की थी और आज हम 4,000 से अधिक बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। इस उपलब्धि को संभव बनाने के लिए हम अपने सभी सहयोगियों, दानदाताओं और परदादा परदादी की पूरी टीम के प्रति हृदय से आभारी हैं।”
परदादा परदादी स्कूल के प्रधानाचार्य श्री के. के. शर्मा ने कहा, “यह वास्तव में एक सामूहिक प्रयास का परिणाम है, जो हमारी पूरी टीम की अथक मेहनत और हमारे संस्थापक स्वर्गीय श्री वीरेन्द्र सैम सिंह के विजन के प्रति अटूट विश्वास से संभव हुआ है। इस प्रकार के पुरस्कार और सम्मान हमें और बेहतर कार्य करने तथा नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हैं। यह सम्मान PPES में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों का प्रमाण है।”
हम अपने सभी दानदाताओं, सहयोगियों और शुभचिंतकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। आपका निरंतर विश्वास, प्रोत्साहन और सहयोग न होता, तो यह उपलब्धि संभव नहीं हो पाती।
8,500 से अधिक शिक्षा विशेषज्ञों के साथ व्यापक क्षेत्रीय साक्षात्कारों के आधार पर प्राप्त यह सम्मान हमारे विद्यार्थियों, शिक्षकों और PPES के संपूर्ण परिवार के समर्पण एवं अथक परिश्रम को प्रतिबिंबित करता है।
यह उपलब्धि हमें गर्व के साथ याद दिलाती है कि बेटियों की शिक्षा में निवेश करना, एक उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में निवेश करना है।
बुलंदशहर से रिपोर्टर सौरभ शर्मा की रिपोर्ट
