किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
बिलासपुर।
तिफरा स्थित न्यू जनता अस्पताल में महज 200 रुपये के बिल भुगतान को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि इलाज कराने पहुंचे दो युवकों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा कर दिया। आरोप है कि युवकों ने चाकू लहराते हुए अस्पताल कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड को धमकाया तथा तोड़फोड़ की।
पुलिस के अनुसार, तिफरा के बोरी फैक्ट्री के पास रहने वाले नारायण मिश्रा न्यू जनता अस्पताल में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने सिरगिट्टी थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि 15 जून की रात करीब 12:20 बजे दो युवक इलाज कराने अस्पताल पहुंचे थे। इलाज के बाद बिल भुगतान को लेकर उनका अस्पताल के कर्मचारी वाशु और प्रियंका से विवाद हो गया।
विवाद बढ़ता देख सुरक्षा गार्ड नारायण मिश्रा ने दोनों युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि वे भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। शिकायत के मुताबिक, दोनों ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकालकर लहराया और गार्ड को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वे अस्पताल से बाहर निकल गए।
घटना की शिकायत मिलने पर सिरगिट्टी पुलिस ने दो नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।