किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
सूरजपुर।
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिला अस्पताल में प्रसव के दौरान एक गर्भवती महिला और उसके शिशु की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सीएमएचओ कार्यालय का घेराव किया और निष्पक्ष जांच की मांग की।
जानकारी के अनुसार, रामनगर गांव की गर्भवती महिला प्रसव के लिए जिला अस्पताल में भर्ती हुई थी। प्रसव के दौरान महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है। उनका आरोप है कि समय पर उचित इलाज नहीं मिलने और चिकित्सकीय लापरवाही के कारण दोनों की जान गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) ने दो अलग-अलग जांच टीमों का गठन किया है। एक टीम पोस्टमार्टम प्रक्रिया की निगरानी करेगी, जबकि दूसरी चार सदस्यीय टीम पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।