किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
दुर्ग।
जिले में पड़ रही उमस और तेज गर्मी का असर अब स्कूली बच्चों पर भी दिखाई देने लगा है। सोमवार, 16 जून की सुबह जेआरडी स्कूल में प्रार्थना सभा के दौरान एक छात्र अचानक चक्कर खाकर मैदान में गिर पड़ा, जिससे स्कूल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी छात्र सुबह की प्रार्थना के लिए मैदान में एकत्रित थे। इसी दौरान अत्यधिक उमस और गर्मी के कारण एक छात्र की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
स्कूल प्रशासन ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए छात्र को बिना किसी देरी के जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्र की हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस घटना के बाद भीषण गर्मी के बीच स्कूलों में बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अभिभावकों ने भी मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने और स्कूलों में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।