किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
कोरबा।
जिले के पाली स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नए शिक्षा सत्र के पहले ही दिन एक शर्मनाक घटना सामने आई। विद्यालय परिसर में प्राचार्य और एक व्याख्याता के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच छात्रों के सामने धक्का-मुक्की और मारपीट हो गई। इस घटना से स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, कथित फर्जी रजिस्टर संधारण और प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर दोनों शिक्षकों के बीच पिछले कई महीनों से तनाव चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते कहासुनी बढ़ी और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
घटना उस समय हुई जब नए शिक्षा सत्र की शुरुआत के लिए छात्र विद्यालय में मौजूद थे। शिक्षकों के बीच हुई मारपीट से छात्र और अन्य कर्मचारी भी स्तब्ध रह गए।
मामले की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग और प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है। संबंधित अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है।
शिक्षा के मंदिर में हुई इस घटना ने विद्यालय की गरिमा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि छात्रों के सामने इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।