आंवला। आंवला में एक युवक पर हमला करने का आरोप लगा है। पीड़ित ने इस संबंध में सीओ से शिकायत की है।
आंवला कस्बे के मोहल्ला मंसूरी चौक निवासी निजाम पुत्र गुलाम हुसैन ने सीओ को दिए शिकायती पत्र में बताया कि बीती रात वह बरेली से ढोल बजाकर अपने घर लौट रहा था। तभी मोहल्ले के कुछ लोग पहले से घात लगाकर बैठे थे और उन्होंने उस पर हमला कर दिया।
निजाम का आरोप है कि हमलावरों में से एक ने तमंचा लाने और गोली मारने की धमकी दी। सभी ने उसे बुरी तरह पीटा, जिससे वह बेहोश होकर वहीं गिर गया और तड़पता रहा। मारपीट में उसे गंभीर चोटें आई हैं, जिससे उसे चलने-फिरने में भी परेशानी हो रही है।
पीड़ित ने बताया कि मोहल्ले में असामाजिक तत्वों का पूरी रात आना-जाना लगा रहता है। कुछ दिन पहले उसने इस बात पर आपत्ति जताई थी, जिसके कारण हमलावर उससे रंजिश मानने लगे थे।
निजाम ने स्वयं और अपने परिवार को भी धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है। उसने सीओ आंवला से प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। सीओ ने इस मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला बरेली