दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)। विकास खंड दुद्धी के महुली स्थित श्री राजा बरियार शाह खेल मैदान में आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 25 जून 2026 की रात्रि 9 बजे बेहद रोमांचक माहौल में खेला गया। फाइनल मैच शिवाजी तालाब दुद्धी और मेजबान आरबीएस क्लब महुली के बीच खेला गया, जिसमें मेजबान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी शिवाजी तालाब दुद्धी की टीम आरबीएस क्लब महुली के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई। निर्धारित 10 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर टीम केवल 87 रन ही बना सकी।
88 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान आरबीएस क्लब महुली की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 6 ओवर 4 गेंद में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और फाइनल मुकाबला 7 विकेट से जीतकर टूर्नामेंट की चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
मेजबान टीम के धाकड़ बल्लेबाज शुभम चौबे ने मात्र 27 गेंदों में 61 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने गेंदबाजी में भी एक विकेट लेकर शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया, जिसके लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
वहीं पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन गेंदबाजी के लिए भोला भवनाथपुरी को ‘बेस्ट बॉलर’ तथा शिवाजी तालाब दुद्धी के उत्कृष्ट खिलाड़ी टिन्नी को ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट (सीरीज)’ का पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मानसिंह गोड़ (ब्लॉक प्रमुख, म्योरपुर) तथा विशिष्ट अतिथि जुबेर आलम (जिला पंचायत सदस्य) रहे। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। खेल अनुशासन, भाईचारा और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर कराने का आह्वान किया।
किन्हीं आवश्यक कारणों से मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के कार्यक्रम से प्रस्थान करने के बाद मुख्य अतिथि के प्रतिनिधि के रूप में सत्यनारायण कन्नौजिया (जिला स्काउट कमिश्नर, सोनभद्र) तथा विशिष्ट अतिथि के प्रतिनिधि के रूप में कुंदन कुमार कन्नौजिया (लेखपाल) एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष अरविंद जायसवाल (ग्राम प्रधान, महुली) ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं अन्य पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सत्यनारायण कन्नौजिया ने अपने संबोधन में कहा कि “खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है। खेल मैदान में सीखे गए अनुशासन, समर्पण और संघर्ष की भावना जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाती है।”
वहीं कुंदन कुमार कन्नौजिया ने कहा कि “ग्रामीण अंचलों में इस प्रकार के खेल आयोजनों से प्रतिभाओं को नई पहचान मिलती है। प्रशासन और समाज को ऐसे आयोजनों में हरसंभव सहयोग करना चाहिए, ताकि खिलाड़ी आगे बढ़कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।”
आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। मैच में नंदकिशोर कन्नौजिया एवं जसवंत कुमार ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि आर्यन ने स्कोरर तथा आसू गोस्वामी ने शानदार कमेंट्री कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम के अंत में आरबीएस क्लब महुली के अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, सहयोगियों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “आप सभी के सहयोग और उत्साह के कारण ही यह टूर्नामेंट सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। भविष्य में इससे भी बेहतर आयोजन किए जाएंगे।”
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन राकेश कुमार कन्नौजिया (पत्रकार एवं प्रधानाचार्य, आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज महुली) ने किया।
इस अवसर पर राजनाथ गोस्वामी, मुकेश कुमार कन्नौजिया, मनोज कुमार कन्नौजिया, अंकित कुमार, सूरज कुमार, चंद्रभूषण सहित सैकड़ों खेल प्रेमी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।