आंवला। आंवला स्थित ग्राम मनौना में रविवार को ग्राम प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आर्येन्द्र सिंह चौहान थे। आचार्य सुधांशु गुप्ता ने कार्यक्रम का संचालन किया और परीक्षा की भूमिका पर प्रकाश डाला। आचार्य सनोज सिंह ने अतिथि का पटका पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आर्येन्द्र सिंह चौहान और विद्यालय प्रधानाचार्य गवेन्द्र सिंह चौहान ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पार्चन के साथ किया। दीप मंत्र के उच्चारण के बाद विधिवत परीक्षा शुरू हुई।
इस प्रतिभा खोज परीक्षा में विभिन्न विद्यालयों से कुल 40 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रथम स्थान पर नैंसी चौहान, राधिका चौहान और शौर्य शर्मा रहे। द्वितीय स्थान राघव शर्मा और अवनी मौर्य ने प्राप्त किया। तृतीय स्थान पर अभ्यांश पाठक, अजीत मौर्य, अनिका देवल और हर्ष देवल रहे, जबकि आरुषि सिंह और माधव ने चतुर्थ स्थान हासिल किया। सभी मेधावी छात्रों को मेडल पहनाकर पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि आर्येन्द्र सिंह चौहान ने सभी विद्यार्थियों को कोल्ड ड्रिंक वितरित की। विद्यालय प्रधानाचार्य ने इस सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
समापन अवसर पर प्रधानाचार्य गवेन्द्र सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि आर्येन्द्र सिंह चौहान को श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतियोगिता स्थल के स्वामी शिवओम सिंह की सुपुत्री को “गीता दैनंदिनी” प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने समापन उद्बोधन में प्रधानाचार्य ने सभी विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन, अनुशासन और संस्कारयुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिभा खोज परीक्षाएँ छात्रों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट प्रदर्शन की भावना विकसित करती हैं।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला बरेली